आज जालंधर पहुंचेंगे अरविंद केजरीवाल और CM मान, साईं दास ग्राउंड में होगा बड़ा धार्मिक आयोजन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जालंधर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ एक विशाल धार्मिक समारोह में शामिल होंगे।

जालंधर के साईं दास स्कूल ग्राउंड में “एक शाम भगवान शिव के नाम” थीम के तहत आयोजित किए जा रहे इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली द्वारा किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी भजन संध्या के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री महिंदर भगत और दीपक बाली ने जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आस्था, श्रद्धा और संस्कृति का एक अनूठा संगम साबित होगा। उन्होंने बताया कि शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में जालंधर सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

इस मौके पर जालंधर के मेयर विनीत धीर, पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमणीक सिंह रंधावा, सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा और राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंधों में पूरा सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल भी इस कार्यक्रम में एक श्रद्धालु के रूप में शामिल होंगे।

सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा ने कहा कि यह धार्मिक आयोजन पंजाब की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को और मजबूत करेगा तथा समाज में भाईचारे, एकता और आपसी प्रेम का संदेश देगा।

हालांकि पंजाब सरकार कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग दे रही है, लेकिन यह विशाल धार्मिक आयोजन मुख्य रूप से स्थानीय मंदिर समितियों, संत-महात्माओं और जालंधर के निवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *